उत्तर प्रदेश में भी जल्द होगी भाजपा की सरकार- मंत्री नरोत्तम मिश्रा

राज्य

नई दिल्ली: 30 अगस्त/ शिवराज सरकार के वरिष्ठ मंत्री नरोत्तम मिश्रा सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचे। इस दौरान जल संसाधन, जनसंपर्क एवं संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम ने दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में पत्रकारों से चर्चा भी की। चर्चा में उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव-२०१७ में आपको जल्द भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कमल खिलता हुआ दिखेगा। जल्द देश के बड़े राज्यों में आने वाले उत्तर प्रदेश में भी भाजपा अपना परचम लहराएगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा की रणनीति शुरू हो चुकी है। भाजपा अपने जमीन से जुड़े हर कार्यकत्र्ता को याद रखती है, वह उसकी जिम्मेदारी तय करेगी, उसी प्रकार से उसे कार्यभार भी सौंपा जाएगा।

मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने अनौपचारिक चर्चा में बताया कि दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने किरण बेदी को सीएम पद का उम्मीद्वार बनाकर गलती जरूर की हो, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में ऐसा नहीं होगा। उन्होंने अपनी निजी राय बताते हुए कहा कि पार्टी का कार्यकत्र्ता काफी निचले स्तर पर कार्य करता है, जब उसके ऊपर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर दिया जाता है, तब व्यवस्थाएं बिगडती है। इस बात का भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में ध्यान रखेगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चेहरा ही प्रमुख होगा, चाहे वह राज्य गुजरात हो या अन्य, केन्द्र में भाजपा की सरकार के कामकाज की चर्चा चुनावों में जरूर होगी। निश्चित ही उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

Back to Top