बिहार में बारिश से पारा लुढ़का

Uncategorized

पटना, 18 जुलाई (आईएएनएस)| बिहार में राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार से रूक-रूक कर हो रही बारिश सोमवार को भी जारी है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश होने के आसार जताए हैं।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राजधानी पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

इसके अलावा गया का सोमवार को न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया का 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पूर्व यानी रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया का 31.3 डिग्री सेल्सियस और गया का 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

बीते 24 घंटे के दौरान भागलपुर में 60.80 मिलीमीटर तथा पटना में 7.40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Back to Top