प्रो. यादव, आईसेक्ट विश्वविद्यालय हजारीबाग के प्रथम कुलपति नियुक्त
स्टूडेंट-यूथ Sep 02, 2016भोपाल: 2 सितम्बर/ प्रसिद्ध वैज्ञानिक व शिक्षाविद् प्रो. (डॉ.) आर एन यादव को आईसेक्ट विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री संतोष चौबे ने आईसेक्ट विश्वविद्यालय हजारीबाग झारखण्ड का प्रथम कुलपति नियुक्त किया। प्रो. यादव सीएसआईआर के डायरेक्टर ग्रेड वैज्ञानिक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। प्रो. यादव का जन्म 1947 में वाराणसी में हुआ। इन्होंने बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से 1970 में मैथमेटिक्स में एमएससी के पश्चात् आईआईटी बाम्बे से 1975 में सॉलिड मैकानिक्स में पीएचडी की उपाधि हासिल की। प्रो. यादव ने रीजनल रिसर्च लैबोरेटरी (आरआरएल) भोपाल की स्थापना में संस्थापक वैज्ञानिक व संस्थापक सदस्य के रुप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रो. यादव का आईसेक्ट विश्वविद्यालय हजारीबाग झारखण्ड के कुलपति के रुप में मुख्य उद्देश्य एजुकेशन एवं रिसर्च के क्षेत्र में उत्कृष्ट केन्द्र के रुप में विकसित करना तथा कास्ट इफेक्टिव शैक्षणिक कार्यक्रम एवं तकनीकी कौशल को विकसित करना है। साथ ही साथ झारखण्ड के आर्थिक विकास के लिए प्रबंधन और प्रौद्योगिकी ज्ञान से प्राकृतिक संसाधनों का उचित उपयोग करना।
श्री यादव अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वॉटर रिसोर्सेस इंजीनियरिंग एण्ड मैनेजमेंट विषय पर कनाडा, संयुक्त राज्य अमरीका, इटली, थाईलैंड, सिंगापुर, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका, जर्मनी, जापान, मलेशिया, नीदरलैंड, आदि देशों में तकनीकी वार्ता में सम्मिलित हुए हैं।
प्रो. यादव को रमन रिसर्च फेलोशिप एडवांसेस इन हाईड्रोलाजी एण्ड जीआईएस विषय पर शोध कार्य के लिए सीएसआईआर द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शोधों के लिए विभिन्न छात्रवृत्ति से सम्मानित किया गया है। प्रो. यादव विभिन्न वैज्ञानिक सोसायटियों जैसे रामानुजन मैथमेटिकल सोसायटी आफ इंडिया, फ्यूचर रिसर्च एण्ड मैनेजमेंट, इत्यादि के सदस्य भी हैं। प्रो. यादव के मार्गदर्शन में अबतक 9 शोधार्थियों ने पीएचडी की है। उनके विभिन्न राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय जर्नलों में 90 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हुए हैं। इन्होंने इंजीनियरिंग मैथ, वॉटर एवं इनवायरमेंट के विषयों में 9 पुस्तकों का लेखन भी किया है।
इस शुभ अवसर पर आईसेक्ट विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे और आईसेक्ट विश्वविद्यालय हजारीबाग झारखण्ड के कुलसचिव डॉ. मुनीष गोविंद ने प्रो. यादव को शुभकामनाएं और बधाई दी।