मप्र : भ्रष्टाचार के आरोप वाला होर्डिंग जब्त करने पर कांग्रेस का प्रदर्शन

राज्य

भोपाल, 3 अगस्त (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में काग्रेस कार्यालय पर लगाए गए सिंहस्थ कुंभ में हुए भ्रष्टाचार के आरोपों वाले होर्डिंग को नगर निगम द्वारा जब्त किए जाने के खिलाफ प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और टीटी नगर का घेराव किया। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई की ओर से मंगलवार को सिंहस्थ कुंभ में घोटाले का आरोप लगाते हुए रोशनपुरा क्षेत्र में स्थिति जवाहर भवन पर एक होर्डिंग लगाई गई थी। होर्डिंग पर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर कार्टूनों के जरिए तीखे हमले किए गए थे, साथ ही खर्च की सूची को भी स्थान दिया गया था।

नगर निगम ने कांग्रेस के इस होर्डिंग को आनफानन में को मंगलवार को ही जब्त कर लिया। कांग्रेस नेताओं ने विरोध किया तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

नगर निगम की इस कार्रवाई के खिलाफ बुधवार को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और टीटी नगर थाने का घेराव कर उन अफसरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की, जिन्होंने होर्डिंग जब्त की थी।

यादव ने संवाददाताओं से कहा, "होर्डिंग (भ्रष्टाचार के आरोप वाला) हटाना लोकतंत्र की हत्या है। कांग्रेस आगामी दिनों में सिंहस्थ घोटाले को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाएगी।"

Back to Top