प्रियंका को उप्र में चुनाव प्रचार करना चाहिए : शीला दीक्षित

राष्ट्रीय, चुनाव

नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)| दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री व उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित ने सोमवार को कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार में हिस्सा लेना चाहिए। इससे पार्टी को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी एक लोकप्रिय नेता हैं और उन्हें चुनाव प्रचार के लिए आना चाहिए। उत्तर प्रदेश में प्रियंका के चुनाव प्रचार से कांग्रेस को लाभ होगा।

ईटीवी को दिए एक साक्षात्कार में जब उनसे पूछा गया कि उत्तर प्रदेश चुनाव में उनका मुख्य एजेंडा क्या होगा, जवाब में शीला ने कहा, "अखिलेश यादव की वर्तमान सरकार के काम से लोग मायूस हुए हैं। इसके कारण लोग उन्हें अगला मौका नहीं देने जा रहे हैं। हमारा एजेंडा केवल विकास होगा।"

शीला ने यह भी कहा कि वह केवल चुनाव प्रचार पर ध्यान केंद्रित करेंगी और चुनाव लड़ने पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।

यह पूछे जाने पर कि पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी की भूमिका क्या होगी और क्या उन्हें पार्टी का अध्यक्ष बनाया जाएगा, उन्होंने कहा, "उन्हें और समय दिया जाना चाहिए। राहुल गांधी अध्यक्ष बनेंगे या नहीं, इस पर पार्टी हाईकमान फैसला लेगा।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, "बीते दो वर्षो में मोदी की लोकप्रियता में गिरावट आई है और वे चुनाव में किए गए अपने वादों को पूरा करने में नाकाम हुए हैं।"

शीला ने कहा, "कांग्रेस-मुक्त इंडिया जैसी टिप्पणियों से प्रधानमंत्री को कोई लाभ नहीं होने वाला।"

Back to Top