मोदी रियो में भारतीय खिलाड़ियों के लिए 'डाकिये' की भूमिका निभाने को तैयार

राष्ट्रीय

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वह रियो ओलम्पिक-2016 में भारतीय दल के लिए शुभकामनाएं भेजने हेतु 'डाकिये' की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में पांच से 21 अगस्त तक ओलम्पिक खेलों का आयोजन होगा।

मोदी ने यहां अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में कहा, "खेल 'महाकुंभ' का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पूरा विश्व खेलेगा। इसमें हर देश की नजर अपने वतन के खिलाड़ी पर होगी, हम भी ऐसा ही करेंगे। मैं आपके संदेशों को हमारे देश के खिलाड़ियों तक पहुंचाने के लिए तैयार हूं। "

प्रधानमंत्री ने रियो ओलम्पिक-2016 में हिस्सा ले रहे भारतीय दल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक इंसान रातों-रात खिलाड़ी नहीं बनता। इसमें काफी मेहनत और संयम की आवश्यकता होती है।

रियो ओलम्पिक-2016 में भारत के 119 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।

Back to Top