आईसेक्ट विश्वविद्यालय में विज्ञान और कला का अनूठा संगम

स्टूडेंट-यूथ

भोपाल: 3 अक्टूबर/ न्यूटन के नियम, बर्नोली थ्योरम, आप्टिकल इल्यूजन, मैकेनिक्स, एंगल आॅफ विजन आदि विज्ञान के सिद्धांतों को मॉडल्स के द्वारा विज्ञान शिक्षकों व विद्यार्थियों को वरिष्ठ विज्ञान लेखक व संचारक श्री बृजेश दीक्षित ने सरलता से समझाया। वे विज्ञान संचार केन्द्र आईसेक्ट विश्वविद्यालय में आयोजित विज्ञान मॉडल्स की कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। श्री बृजेश दीक्षित ने विज्ञान के जटिल सिद्धांतों को न सिर्फ ब्लैक बोर्ड पर बल्कि खुद से माडल्स तैयार कर क्लासरूम में विद्यार्थियों के समक्ष शिक्षण का एक नया नवाचार प्रस्तुत किया है। बृजेश दीक्षित उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के श्री नारायण इंटर कालेज के विज्ञान शिक्षक हैं इनकी ख्याति देशभर में वरिष्ठ विज्ञान लेखक एवं संचारक के रूप में है। भारत सरकार के विज्ञान प्रसार के क्लब विपनेट का संचालन औरैया में सफलता पूर्वक कर रहे हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ए के ग्वाल ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि यह कार्यशाला विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों को समझने का एक प्रयास है। विश्वविद्यालय में इस प्रकार की कार्यशालाएं समय-समय पर आयोजित की जाती हैं। जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलता है। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय सिंह ने कहा कि विज्ञान मॉडल की ये कार्यशाला एक अभिनव प्रयास है जिसे विश्वविद्यालय समय-समय पर आयोजित करता आ रहा है। डॉ. एस आर अवस्थी, डायरेक्टर विज्ञान संचार केन्द्र आईसेक्ट विश्वविद्यालय ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान सीधे जनकल्याण से जुड़ा हुआ है। अब विद्यार्थियों को विज्ञान को देखने व समझने का नजरिया बदलना होगा। बृजेश दीक्षित ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज भी हम लार्ड मैकाले की ब्लैक बोर्ड टीचिंग पद्धति पर निर्भर हैं जबकि हमें डेमांस्ट्रेशन पद्धति को अपनाना चाहिए।

इस अवसर पर आईसेक्ट विश्वविद्यालय में प्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना कविता द्विवेदी द्वारा ओडिसी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। यह प्रस्तुति स्पिक मैके द्वारा आयोजित हुई थी। कविता द्विवेदी ने ‘मुरली को बजाने वाले कृष्ण कहां गये, ‘उड़िया’ भजन पर नृत्य प्रस्तुत किया। उनके परफार्मेंस में वात्सल्य रस, भक्ति रस, श्रंगार रस का अद्भुत संगम देखने को मिला। उन्होंने अभिनव और पल्लवी की प्रस्तुति कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर डीन एकेडिक डॉ. संजीव गुप्ता, भोपाल, रायसेन, मण्डीदीप, औबेदुल्लागंज के विद्यालयों के विज्ञान शिक्षक और विद्यार्थी विशेषरुप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संगीता पाठक, कला संकाय की विभागाध्यक्ष ने किया।

आईसेक्ट विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय सिंह ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किये।

« Older Article राष्ट्रपति आज ग्वालियर पहुंचेंगे

Next Article » बिहार में थाना प्रभारी की गोली मारकर हत्या

Back to Top